मुख्यमंत्री की बुंदेलखंड में ‘हर घर जल’ पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना में शुरूआत में ही खामियां सामने आने लगीं हैं। योजना में ऐसे कई गांवों को शामिल कर लिया गया है, जिनमें पहले से ही पाइप लाइन डली है। मुख्यमंत्री से भी चिरगांव के मुराटा गांव में योजना का शुभारंभ कराया गया, जहां रनगुवा पेयजल योजना के तहत पाइप लाइन डल चुकी थी। इस बात की भनक जब शासन को लगी तो अब गलती को सुधारने का काम शुरू हो गया है। जल निगम से बुंदेलखंड के सभी सातों जिलों के ऐसे गांवों की सूची मांगी गई है, जिनमें पहले से पाइप लाइन डली है। बुंदेलखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में घर- घर पानी पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने 10131 करोड़ की लागत से ‘हर घर जल’ योजना का शुभारंभ किया है। अभी बुंदेलखंड के झांसी, महोबा, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, बांदा एवं चित्रकूट के कुल 4513 गांवों से 891 गांवों में पाइप लाइन से पीने का पानी पहुंच रहा है। नई योजना में सातों जनपदों के 3622 गांवों में भूमिगत व सतही स्रोतों से पानी पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इस योजना को पूरा करने की जिम्मेदारी राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन को सौंपी गई है। विगत 30 जून को इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिरगांव के ग्राम मुराटा में किया था। पहले चरण में 2185 करोड़ की लागत से काम होना है। ये काम पूरा होने पर 14,14,522 की आबादी तक पानी पहुंचने लगेगा। मगर, अब यह बात सामने आई है कि जिन गांवों को पहले चरण में पानी पहुंचाने के लिए चिह्नित किया गया है। उनमें से कई गांवों में पहले से ही पाइप लाइन डली है। शासन ने अब जलनिगम को निर्देश दिया है कि वे ऐसे सभी गांवों की सूची भेजे, जिनके नाम ‘हर घर जल’ में शामिल कर लिए गए हो और उनमें पहले से पाइप लाइन डली है। या जलनिगम का काम उन गांवों में चल रहा हो। - बुंदेलखंड के ललितपुर, बांदा और चित्रकूट की सूची को मंगा लिया गया है। चार जिलों की सूची आना बाकी रह गई है। जल्द ही सूची को शासन के पास भेज दिया जाएगा। राजेश मित्तल, मुख्य अभियंता जलनिगम। इन स्थानों के लिए हुआ था ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं का शुभारंभ जिला - झांसी स्थान लाभान्वित होने वाले ग्राम लाभान्वित होने वाली आबादी 1- बुढ़पुरा 62 1,65,472 2- तिलहटा 31 44,091 3- बचौली 50 78,011 4- गुलारा 46 61,475 5- कुरैचा 72 1,56,731 6- इमलोट्रा 84 1,64,869 जिला - महोबा 1- लहचूरा काशीपुरा 76 1,11,024 2- शिवहर 63 1,33,450 3- सलैया नाथपुरा 89 1,57,090 जिला - ललितपुर 1- मसौरा सिंदवाहा 46 94,958 2- लागौन 51 81,544 3- गौना नरहट, सैदपुर - कुम्हेरी 100 1,65,807