{"_id":"5f9c70088ebc3e1a231f0aea","slug":"thana-prem-nagar-matter-water-take-to-handpump-after-that-fight-9-people-again-fir-jhansi-news-jhs179952136","type":"story","status":"publish","title_hn":"हैंडपंप से पानी भरने पर अनुसूचित जाति के लोगों पर हमला, तीन घायल, नौ पर एफआईआर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हैंडपंप से पानी भरने पर अनुसूचित जाति के लोगों पर हमला, तीन घायल, नौ पर एफआईआर
Sat, 31 Oct 2020 03:05 AM IST
झांसी ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, झांसी
अमर उजाला नेटवर्क, झांसी
Published by: झांसी ब्यूरो
Updated Sat, 31 Oct 2020 03:05 AM IST
विज्ञापन
ग्राम सैंयर की घटना में घायल इमरत, गीता और सूरज जिला अस्पताल में...
- फोटो : amar ujala
प्रेमनगर थाना इलाके के ग्राम सैंयर में हैंडपंप से पानी भरने पर अनुसूचित जाति के लोगों पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। इससे एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि दबंगों ने हैंडपंप के शुद्धीकरण के नाम पर 10 हजार रुपये भी मांगे। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, आरोपियों ने आरोपों को निराधार बताया है।
विज्ञापन
ग्राम सैंयर के पथराया मुहल्ले में परिवार के साथ रहने वाला उदय सिंह मजदूरी करता है। 26 अक्तूबर को शाम तकरीबन चार बजे उदय के परिवार के कुछ लोग मुहल्ले में लगे हैंडपंप पर पहुंचकर पानी भरने लगे। यह बात मुहल्ले में रहने वाले कुछ लोगों को नागवार गुजरी। उन्होंने उदय के परिवार के लोगों को पानी भरने से रोक दिया। साथ ही हैंडपंप के शुद्धीकरण के लिए दस हजार रुपये की मांग की। उदय के परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो दबंगों ने घर में घुसकर उदय व उसके परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
इस दौरान उदय के पिता इमरत (57) का सिर फट गया और हाथ में फैक्चर हो गया। इसके अलावा मां गीता (54) और भाई सूरज (27) का भी सिर फट गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने विपक्षी मोनू यादव समेत नौ लोगों के खिलाफ एससी /एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। बिजौली चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार तिवारी का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
वहीं, विपक्षी मोनू यादव ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विपक्षी मुहल्ले के ही एक परिवार के लोगों से उसके घर के पास विवाद कर रहे थे। मना करने पर विपक्षी मारपीट पर आमादा हो गए और पथराव करने लगे। घटना में उसके चाचा रमेश यादव के सिर में भी गंभीर चोट आई है। इसके अलावा परिवार के अन्य दो लोग भी घायल हुए हैं। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।