सुसाइड नोट से उलझी मौत की गुत्थी: लिखा- बीबी-बच्चे मेरे नहीं रहे, मामा-मौसी के कब्जे में हैं, पत्नी ने लगाए ये आरोप
शिवपुरी की कत्था कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय दीपक जैन 14 सालों से झांसी के मिशन कंपाउंड में किराए पर रह रहे थे। करीब सात माह से वह एक फूड्स कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। झांसी में मुस्तरा रोड पर सड़क किनारे उनका शव मिला है। उनके पास से मिले सुसाइड नोट में तीन सूदखोर और तीन रिश्तेदारों पर परेशान करने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
झांसी में मुस्तरा रोड पर सड़क किनारे सेल्स मैनेजर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव करीब दो दिन पुराना है। उसकी जेब में मिले सुसाइड नोट में तीन रिश्तेदार और तीन सूदखारों पर परेशान करने का आरोप है। वहीं, पत्नी का कहना है कि पति से जबरन सुसाइड नोट लिखवाया गया और फिर उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज मोर्चरी में रखवाया है। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। मृतक पत्नी व बच्चों से अलग रह रहा था।
शिवपुरी की कत्था कॉलोनी निवासी दीपक जैन (50) पुत्र आनंद कुमार जैन करीब 14 सालों से झांसी के मिशन कंपाउंड में किराए पर रह रहे थे। करीब सात माह से वह एक फूड्स कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। घरेलु विवाद के चलते वह कई माह से पत्नी और बच्चों से अलग रह रहे थे। लेकिन फोन पर उनकी बच्चों व भाइयों से बातचीत होती थी।
फैक्टरी वाले ने मांगे थे 4.75 लाख रुपए
छोटे भाई नीरज जैन व बेटे पीयूष ने बताया कि 20 अप्रैल की शाम करीब छह बजे पिता ने बेटे पीयूष को फोन किया था। तब रोज की तरह बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 10 बजे दीपक ने छोटे भाई नीरज को फोन किया तो कंपनी के पार्टनर ने फोन ले लिया। कहा कि फैक्टरी में हैं और 4.75 लाख रुपए लेकर आओ, तब दीपक को छोड़ेंगे। फिर पार्टनर ने दोबारा फोन कर कहा कि पांच दिन के अंदर पैसे चाहिए। पांच दिन दीपक हमारे पास रहेंगे। इसके बाद दीपक का फोन नहीं लगा। सुबह पार्टनर का भी फोन नहीं आया। बेटे का कहना है कि फैक्टरी वालों का आरोप था कि डीलर से पैसे लेकर कंपनी में जमा नहीं करवाए थे। वहीं, उसके पिता का कहना था कि कंपनी बंद हो गई और डीलरों को माल नहीं मिला।
पत्नी बोली- फैक्टरी वालों ने जबरन लिखवाया सुसाइड नोट
मुस्तरा रोड पर सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच की तो जेब से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा है कि बीबी-बच्चे मेरे नहीं रहे। उन्हें उनके मामा, मामी और मौसी ने अपने कब्जे में ले रखा है। मेरी पत्नी को जबरन मुझसे तलाक लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं। वहीं, सौरव राय, आरिफ खपान और मोहम्मद नफीस सूदखोर हैं। इन सबसे तंग आकर आत्महत्या कर रहा हूं। वहीं, पत्नी नीलम का आरोप है कि फैक्टरी वालों ने जबरन पति से सुसाइड नोट लिखवाया है। इसके बाद उनकी हत्या कर शव को फेंका गया है।