झांसी। सोमवार की रात को 9 बजे झांसी- दतिया के बीच स्थित करारी रेलवे स्टेशन पर क्रास प्वाइंट (एक पटरी से दूसरी पर आने का स्थान) में तकनीकी खराबी आने से अप और डाउन का यातायात डेढ़ घंटे ठप रहा। इस कारण आठ ट्रेनें लेट हो गईं। इस दौरान ट्रेनों में सवार सैकड़ों मुसाफिरों को पल-पल काटना मुश्किल बना रहा। गर्मी से बेहाल तमाम यात्री पटरियों के निकट खड़े होकर ट्रेन चलने का इंतजार करते रहे।
सोमवार की रात नौ बजे झांसी से दस किलोमीटर दूर स्थित करारी स्टेशन के झांसी एंड प्वाइंट नंबर 101 में तकनीकी खराबी आ गई। इससे अप और डाउन का यातायात ठप पड़ गया। इस दौरान पटरियों पर दौड़ रहीं 04623 पातालकोट एक्सप्रेस, 02688 चंडीगढ़ मदुरई सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 02724 आंध्रा एक्सप्रेस, 02780 गोवा एक्सप्रेस, 01222 निजामुद्दीन मुंबई राजधानी एक्सप्रेस, 01057 लोकमान्य तिलक अमृतसर एक्सप्रेस, 02196 महाकौशल एक्सप्रेस व 02173 निजामुद्दीन जबलपुर एक्सप्रेस को करारी, झांसी, बिजौली, दतिया, खजराहा स्टेशन पर रोकना पड़ा। इधर, सूचना मिलने पर पहुंचे एसएनटी कर्मचारियों ने मरम्मत काम शुरू किया, जो रात 10.30 बजे पूरा हो सका। इसके बाद एक- एक कर ट्रेनों को मौके से गुजारा गया। इस मामले के कारण उक्त ट्रेनें एक से दो घंटे तक लेट हो गईं। इससे ट्रेनों में सवार व प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे मुसाफिर परेशान रहे।