झांसी। ग्रामीणों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस ने जिले के गढ़मऊ गांव को गोद लिया है। गांव के बच्चों को साक्षर बनाने के लिए उनकी पढ़ाई का भी जिम्मा भी पुलिस संभालेगी। फेक न्यूज के खिलाफ अभियान चलाने के लिए लोगों को मोबाइल व इंटरनेट चलाना भी सिखाया जाएगा।
मंगलवार को एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में गढ़मऊ गांव को गोद लिया है। गढ़मऊ गांव का ट्विटर अकाउंट भी बनाया गया है। यह प्रदेश में सोशल मीडिया पर आने वाला पहला गांव बन गया है। गांव के प्रत्येक बच्चे को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय व अन्य कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से पढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही गांव में पुलिस द्वारा डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम भी होगा। इसमें गांव के सभी लोगों को मोबाइल व इंटरनेट चलाने की जानकारी दी जाएगी। इसमें नशाखोरी, अवैध शराब व फेक न्यूज के खिलाफ सोशल मीडिया पर झांसी पुलिस के साथ मुहिम चलाई जाएगी। पहले दिन गांव के 70 स्कूली बच्चों को बैग, कॉपी, किताबें व अन्य सामान बांटा गया। इस मौके पर एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव, सीओ सदर हिमांशु गौरव, नोडल अधिकारी डॉ. उमेश कुमार, जय देवी, राजेंद्र प्रसाद, अबरार मंसूरी, राठौर, रोहित प्रजापति मौजूद रहे।