अव्यवस्थाओं पर नोडल अफसर ने फटकारा साफ-सफाई के साथ पुख्ता की जाए व्यवस्था झांसी। नोडल अफसर एवं अपर मुख्य सचिव सुरेश चंद्रा ने शनिवार को बड़ा बाजार, पंचकुइयां, नारायण बाग समेत कई इलाकों में शहर के हालात का जायजा लिया। इस दौरान सफाई समेत दूसरी अव्यवस्थाएं देख्रकर उनका पारा चढ़ गया। मातहतों को फटकार लगाते हुए उन्होंने व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए। शहर के विभिन्न हिस्सों के निरीक्षण के दौरान फागिंग आदि कार्य कराने के भी निर्देश दिए। यहां से बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां बने एल-वन अस्पताल में मौजूद सुविधाओं को देखा। इसके बाद वह ग्राम पंचायत फुटेरा पहुंचे। गांव में साफ-सफाई का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने मनरेगा मजदूरों से भी बात की। बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जांच-पड़ताल करने की जरूरत बताई। 4.97 लाख की लागत से गांव में तैयार हो रहे पूर्व माध्यामिक विद्यालय का हाल भी देखने पहुंचे। ग्रामीणों ने नोडल अफसर को पेयजल की समस्या के बारे में बताया। उन्होंने प्रवासी मजदूरों को काम देने का भी भरोसा दिलाया। इस दौरान सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे, अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, डीपीआरओ जगदीश राम, बीडीओ कविता सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अदिति चौबे समेत अन्य उपस्थित थे।