झांसी। सहारा इंडिया पर फ्यूचर फंड, बकाया भुगतान, कमीशन समेत लाभांश न देने के आरोप में तालबेहट निवासी नितिन बुखारिया ने बबीना थाने में सहारा प्रमुख सुब्रत राय समेत सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव के कुल नौ अफसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नितिन ने पुलिस को सौंपी अपनी तहरीर में बताया कि उन्होंने 17 सितंबर 2020 को सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव में अपना एवं परिजनों का निवेश कराया था। उनको फ्यूचर फंड के साथ ही उसके लाभांश में हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया गया। पिछले वर्ष इसकी अवधिपूरी होने पर जब उन्होंने सहारा अफसरों से संपर्क करके भुगतान मांगा तब उन्होंने टाल-मटोल शुरू कर दी। नितिन ने सहारा के दफ्तर के चक्कर काटे लेकिन, किसी ने पैसा वापस कराने का भरोसा नहीं दिलाया। लखनऊ समेत कानपुर कार्यालय में भी शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर नितिन पुलिस के पास पहुंचे। उसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने सोमवार को सहारा प्रमुख सुब्रत राय समेत सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव के चेयरमैन देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, वाइस चेयरमैन सुधीर श्रीवास्तव, एमडी करुनेस अवस्थी लखनऊ, टेरेटरी प्रमुख प्रशांत वर्मा, जोनल चीफ जयकेश यादव, रीजनल ऑफिसर राजेश सिंह, सेक्टर प्रमुख धीरेंद्र कुमार रावत समेत शाखा प्रमुख गिरधारी सिंह के खिलाफ अमानत में खयानत के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। बबीना थानाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह के मुताबिक मामले की पड़ताल शुरू करा दी गई है।