झांसी। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के चार नये मामले सामने आए हैं। इनमें एक गर्भवती महिला भी थी, जिसने बच्चे को जन्म दिया। अच्छी बात ये रही कि नवजात की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव सामने आई है।
कोरोना वायरस संक्रमण के चार नये मामलों में गरौठा के जलालपुरा गांव की एक प्रवासी मजदूर है। जबकि, एवट मार्केट की एक महिला में भी इस महामारी का संक्रमण पाया गया था, जिसकी मौत हो चुकी है। इसके अलावा पुरानी नझाई का एक युवक भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। वहीं, थाना प्रेमनगर इलाके की एक गर्भवती महिला में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अस्पताल में महिला ने बच्चे को जन्म दिया। एक दिन के बच्चे का भी कोरोना टेस्ट किया गया, जिसमें उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस पर सभी ने राहत की सांस ली और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य की दुआएं कीं।