झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में एनसीसी 3/56 यूपी ब्वॉयज बटालियन में प्रथम वर्ष के लिए 43 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयन प्रक्रिया में 167 छात्रों ने हिस्सा लिया। सभी को चार परीक्षाओं से गुजरना पड़ा। इसके बाद कैडेट अपनी जगह बनाने में कामयाब हो पाए।
विश्वविद्यालय के एनसीसी प्रभारी प्रो. मेजर सुनील काबिया ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में कैडेट्स को 1.6 किलोमीटर दौड़, मेडिकल परीक्षा, लिखित परीक्षा के बाद साक्षात्कार परीक्षा से गुजरना पड़ा। चारों परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर ही अभ्यर्थी का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि जो भी अभ्यर्थी चयनित नहीं हो पाए हैं, वो पुन: कड़ी मेहनत कर लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करें। उन्होंने बताया कि एनसीसी का उद्देश्य देश के युवाओं में चरित्र सहचर्य, नेतृत्व, अनुशासन, धर्मनिरपेक्षता, रोमांच और निस्वार्थ सेवा भाव विकास करना है। इस संगठन से प्रशिक्षण प्राप्त करने के दौरान युवाओं को सशस्त्र सेना में कॅरियर बनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस दौरान एसएम जेपी शर्मा, सूबेदार भागीरथ राम, हेमंत चंद्रा, हवलदार गुरप्रीत सिंह और राहुल कुशवाहा ने चयन प्रक्रिया में शामिल रहे। इस दौरान सीनियर अंडर ऑफिसर अंजुल सिंह यादव, अंडर ऑफिसर संदीप कुमार राजपूत, कैडेट दिनकर प्रधान, आशुतोष यादव, अजय चक्रवर्ती, कामद दीक्षित व रमाकांत मौजूद रहे।