कोरोना संक्रमित मरीजों के हिसाब से चिह्नित किए गए 15 हाई अलर्ट एरिया में मेडिकल मोबाइल यूनिट के जरिए सैंपलिंग कराई जाएगी। कंटेनमेंट एरिया के लोगों को उन्हीं के घरों में क्वारंटीन करके सैंपलिंग की जाएगी। घर में ही उन्हें आइसोलेट किया जाएगा। जो संक्रमित मरीज पाए जाएंगे, फि र उन्हें ही उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। बुंदेलखंड विवि के गांधी ऑडिटोरियम में रविवार को डीएम आंद्रा वामसी ने बैठक कर ये निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान डीएम ने कहा कि बिना लक्षण वाले कोरोना मरीजों के लिए जनपद के चार होटलों का अधिग्रहण कर लिया गया है। जहां एक निर्धारित शुल्क के साथ मरीजों को रखा जाएगा। डीएम ने बताया कि एसडीएम संजीव मौर्या को अब स्वास्थ्य विभाग का नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है। यदि किसी को सर्दी-खांसी है, तो वह तुरंत अस्पताल में अपनी जांच कराएं। डीएम ने कहा कि जिले में चले विशेष सर्विलांस अभियान के दौरान पोलियो की तर्ज पर घर-घर जाकर टीम ने कोरोना संदिग्ध मरीजों की पहचान की। जिसमें 11000 ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया है, जो विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हैं। डीएम ने होटल व्यवसायियों से बात की। साथ ही, डिस्चार्ज पॉलिसी की बिंदुवार जानकारी दी। इस मौके पर नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन बी प्रसाद, एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज साधना कौशिक, निदेशक पैरामेडिकल कॉलेज डॉ. एसएन सेंगर मौजूद रहे।