झांसी: महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव का जलसा शुरू, रक्षा मंत्री बोले- एक दशक में भारत हासिल कर लेगा सामरिक आजादी
रानी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय जलसा पर्व व सेना की शस्त्र प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कुछ ही देर में झांसी पहुंचने वाले हैं।
विस्तार
महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव का जलसा बुधवार से शुरू हो गया है। रानी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय जलसा पर्व व सेना की शस्त्र प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह झांसी पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब देश में 65 से 70 फीसदी रक्षा साम्रगी आयात होती थी। आज तस्वीर बदल गई है। हमने तय किया है, चाहे स्थिति कैसी भी हो, 64 फीसदी तक दुनिया के दूसरे देशों से आयात नहीं करेंगे। भारत की धरती पर बने रक्षा साम्रगियों का इस्तेमाल होगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आगामी एक दशक में भारत रक्षा उत्पाद दूसरे देशों से आयात नहीं करेगा। बल्कि, यही बनेंगे। यानीं भारत एक दशक में सामरिक रूप से स्वतंत्र हो जाएगा। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो चुकी है। अभी इसी साल से रक्षा से जुड़ी 209 चीजें भारत बनाने लगा है, जो पहले दूसरे मुल्कों से मंगाई जाती थीं। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को सरकार ने 50,000 करोड़ रुपए का ऑर्डर दिया है, जो अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है।
सेना में महिलाओं की भागीदारी पर रक्षा मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद दुर्भाग्य से देश की रक्षा में महिलाओं को बहुत सक्रिय भूमिका निभाने के अवसर नहीं मिले। लेकिन अब स्थिति तेजी से बदल रही है। पीएम मोदी के सत्ता में आने के बाद से हमारी सेनाओं में उनका योगदान सबसे ज्यादा हुआ है।
सेना में महिलाओं के लिए बंद दरवाजे खोले जा रहे
उन्होंने कहा कि मैं जब गृह मंत्री था तो मैंने सभी राज्यों को एक एडवाइजरी जारी की थी कि उन्हें पुलिस अधिकारियों में भी कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व महिलाओं का करने के लिए प्रयास करना चाहिए। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि कई राज्यों में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ा है। उन्होंने आगे कहा, सशस्त्र सेनाओं में महिलाओं के लिए बंद सभी दरवाजे खोले जा रहे हैं। सशस्त्र सेनाओं के तीनों अंगों में हमने उनका प्रतिनिधित्व बढ़ाया है। लड़कियों के सैनिक स्कूलों में एडमिशन हो रहे हैं। एनडीए के पोर्टल भी महिलाओं के लिए खुल गए हैं।
नारी शक्ति की पहचान हैं लक्ष्मीबाई
इसके अलावा उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई लक्ष्मी बाई नारी शक्ति की पहचान है, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजाद हिंद फौज में लक्ष्मी बाई रेजीमेंट की स्थापना की थी। केंद्र की वर्तमान सरकार इस काम को आगे बढ़ा रही है, सेना में महिलाओं को स्थाई कमीशन दिया जा रहा है इस बार एनडीए की परीक्षा में दो लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया था । सैनिक स्कूलों में कोएजुकेशन की शुरुआत हुई है ।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की जमकर सराहना की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 18 57 के संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई ने विदेशी हुकूमत को हिला कर रख दिया था। मातृभूमि के लिए उन्होंने अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया था। उन्होंने कहा कि किसी जमाने में बुंदेलखंड की पहचान सूखा और पलायन के लिए होती थी लेकिन, अब बुंदेलखंड के गांव गांव के हर घर में 2022 तक नल से पानी पहुंचेगा। प्रदेश सरकार विकास के लगातार नए आयाम गढ़ रही है।
योगी बोले- विकास के पथ पर अग्रसर है बुंदेलखंड
इस दौरान रक्षा मंत्री के साथ मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड नई उमंग से विकास के पथ पर अग्रसर है। बुंदेलखंड में दो डिफेंस कॉरीडोर बन रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा सेना कर रही है। हमारे अंदर मातृभूमि के लिए समर्पण का भाव होना चाहिए।
सेना के जवानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
कार्यक्रम शुरू होने से पहले लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में सेना के जवानों ने हैरतअंगेज प्रदर्शन किया था। इस दौरान डॉग शो में सेना के खोजी श्वानों ने अपनी कला दिखाई था। इसके बाद हॉर्स शो में घुड़सवारों ने करतब दिखाए थे। इसके साथ ही स्काई डाइविंग, फ्लाई पास्ट का भी आयोजन किया गया था। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर के लोग और स्कूलों के बच्चे पहुंचे हैं।
19 नवंबर को झांसी आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
आगामी 19 नवंबर को प्रधानमंत्री झांसी आ रहे हैं। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत यहां 17 से 19 नवंबर तक 'राष्ट्रीय रक्षा समर्पण पर्व' का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के अंतिम दिन पीएम मोदी रक्षा क्षेत्र में सरकार के कई पहलों का शुभारंभ कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सशस्त्र सेना सेवा प्रमुखों को नौसेना जहाजों के लिए स्वदेश में डिजाइन और विकसित किए गए लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर, ड्रोन और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट को औपचारिक रूप से सौंपेंगे।
प्रधानमंत्री एंटी टैंक गाइडेड मिसाइलों के लिए प्रणोदन प्रणाली का उत्पादन करने के लिए यूपी रक्षा औद्योगिक गलियारे के झांसी नोड में 400 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही 600 मेगावाट के अल्ट्रामेगा सोलर पावर पार्क का शिलान्यास करेंगे और झांसी में अटल एकता पार्क का उद्घाटन भी करेंगे।