सावन मास में निकाले जाने वाली कांवड़ यात्रा पर भी कोरोना का ग्रहण लग गया है। कोरोना संक्रमण के चलते प्रशासन ने कांवड़ यात्रा न निकालने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर बृहस्पतिवार को नगर निगम में डीएम ने धार्मिक संगठनों के साथ बैठक की। डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि कोरोना संक्रमण को लेकर शासन ने सभी प्रकार के जुलूस और अन्य आयोजन नहीं करने के लिए निर्देश दिए हैं। ऐसे में सावन मास में कांवड़ यात्रा नहीं निकाली जाएगी। धार्मिक संगठन कोरोना संक्रमण के प्रकोप को समझते हुए प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही भीड़ वाले आयोजनों से बचा जाए। इसके अलावा मंदिरों में भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाए। एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने कहा कि कोरोना काल में धारा 144 भी लागू है। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव, सीओ सिटी संग्राम सिंह, संगठन के विनोद अवस्थी, मुकेश अग्रवाल, प्रभाकर अवस्थी, बिजेंद्र तिवारी, विकास, गिरीश प्रजापति, अतुल किलपन व अवनीश समेत आदि लोग मौजूद रहे।