झांसी। मंगलवार को आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया पर श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन हुए। इस बार कोरोना वायरस से बचाव के कारण रथयात्रा नहीं निकाली गई। ऐसे में श्रद्धालुओं ने गोला कुआं स्थित मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बडे़ भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर महा आरती में शामिल हुए। वहीं, महानगर के कई अन्य मंदिरों में भी जगन्नाथ जी की पूजा कर गर्भगृह को सजाया गया।
मंदिर में सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए थे। वेद मंत्रों के बीच भगवान का मंगल अभिषेक, श्रृंगार किया गया। इसके बाद शंख, घंटा, झालरों की ध्वनि एवं जय जगन्नाथ के जयकारों के बीच मंगल आरती की गई। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के बीच भगवान के दर्शन कराए गए। शाम को ढोल नगाढ़ों के बीच महा आरती की गई। सभी को 56 भोग का प्रसाद बांटा गया। इस मौके पर शिवा नौराही, राकेश लाक्षाकार, संजय नौराही, पीयूष रावत, किशन नौराही, गौरव, मनमोहन गेड़ा, अन्नू गुप्ता, विनोद हयारण व मनोज नीखरा आदि मौजूद रहे।