जौनपुर: हिरासत में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम, हटाने गई पुलिस पर चलाए पत्थर
पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए युवक की गुरुवार की रात जौनपुर जिले के बक्शा थाने में संदिग्ध हाल में मौत हो गई। युवक थाना क्षेत्र के चकमिर्जापुर गांव का निवासी था। आननफानन रात में ही पुलिस को शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचा दिया। घटना की जानकारी होने पर सुबह ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक ने मामले में थाना प्रभारी और तीन अन्य पुलिस वालों को तत्काल निलंबित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर जाम खत्म कराया।
पुलिस पर थाने में बेरहमी से पिटाई किए जाने से मौत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जिला अस्पताल और बक्शा थाने को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आसपास के कई थानों की फोर्स और पीएसी को लगाया गया है। उधर, जौनपुर-प्रयागराज मार्ग को भी ग्रामीणों ने फतेहगंज के पास जाम कर दिया। पुलिस के अफसर इस बारे में अभी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
चकमिर्जापुर गांव निवासी तिलकधारी यादव के पुत्र किशन उर्फ पुजारी (25) को गुरुवार की देर शाम क्राइम ब्रांच की टीम लूट के एक मामले में पूछताछ के लिए थाने ले गई। रात भर उसे थाने में रखा गया। आरोप है कि इस दौरान उसकी जमकर पिटाई की गई।
रात करीब डेढ़ बजे तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे नौपेड़वा सीएचसी ले गई, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने काफी देर तक घटना को छिपाए रखा। किसी तरह परिजनों को सूचना मिली तो वह थाने पहुंचे, जहां से सीधे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
थाने के बाहर पुलिस और पीएसी को तैनात करते हुए किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दी गई। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो मोर्चरी में किशन का शव देख सन्न रह गए। भारी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा मचाया। तनाव को देखते हुए एएसपी सिटी, सीओ सिटी सहित सदर, लाइन बाजार, जफराबाद, सरायख्वाजा थाने की फोर्स, पीएसी को जिला अस्पताल में लगा दिया गया।
जौनपुर एसपी ने बताया कि पुलिस हिरासत में मौत के मामले में थाना प्रभारी बक्शा और तीन अन्य पुलिसकर्मी निलंबित किए गए। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के साथ ही वीडियो कैमरे के सामने शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।