जौनपुर में महिला की हत्या: इंसाफ मांगने पहुंचीं छात्राओं को थानाध्यक्ष ने दी गालियां, झाड़ियों में मिला था अर्धनग्न शव
जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की हत्या मामले में 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध टीडी कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार को एसपी आवास का घेराव किया। यहां लाइन बाजार थानाध्यक्ष ने छात्राओं की गाली दी।
विस्तार
साथ में पढ़ने वाली सहेली को न्याय दिलाने के लिए जौनपुर स्थित टीडी कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार को एसपी आवास पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी कर घटना का खुलासा करने की मांग की।
छात्राओं के तेवर देख कई थाने की पुलिस मौके पर बुलाई गई। इस दौरान पहुंचे थानाध्यक्ष लाइन बाजार अखिलेश मिश्रा ने छात्राओं संग दुर्व्यवहार कर अपशब्द बोले। इसका वीडियो जारी होने पर घटनाक्रम की पूरे दिन चर्चा होती रही। लोग पुलिस की हरकत की निंदा करते रहे।
शनिवार सुबह मिला था शव
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की लाश शुक्रवार को अर्धनग्न हाल में जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर रेलवे क्रांसिंग के पास मिली थी। परिजनों के अनुसार महिला बृहस्पतिवार की रात घर से शौच करने के लिए निकली थी। इसके बाद उसकी लाश मिली।
परिजनों ने दुष्कर्म कर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर मामले का खुलासा करने की मांग की थी। इस बात को लेकर उन्होंने वाराणसी राजमार्ग भी जाम कर दिया था, लेकिन तब पुलिस ने उनको समझाकर जाम हटवा दिया था।
मृत महिला की पुत्री टीडी कॉलेज में छात्रा है। उसके साथ पढ़ने वाली सहेलियों को घटना की जानकारी हुई। इस पर वह शुक्रवार को विद्यालय खुलने पर सहेली को न्याय दिलाने के लिए काफी संख्या में एकत्रित होकर पहले डीएम कार्यालय गईं फिर वहां से नारेबाजी करते हए एसपी आवास पहुंचीं। बड़ी संख्या में छात्राओं के पहुंचने से पुलिसकर्मी सकते में आ गए।
घटना का वीडियो वायरल
तत्काल लाइन बाजार थाने से पुलिस फोर्स मौके पर बुला ली गई। वायरल वीडियो के मुताबिक छात्राओें की बातें सुनने की जगह लाइन बाजार थाने के एसओ अखिलेश मिश्रा ने पहुंचते ही छात्राओं को अपशब्द कहने शुरू कर दिए।
आरोप है कि एक तरफ महिला पुलिसकर्मी छात्राओं को हटाने लगीं तो दूसरी तरफ थानेदार छात्राओं को अपशब्द बोलते रहे। इस संबंध में एएसपी सिटी डा.संजय कुमार ने कहा कि मामले में एक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं वायरल वीडियो की जांच के लिए सीओ सिटी को भेज दिया गया है।