जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में विवि की कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने शुक्रवार को टेलीफोन डायरेक्टरी के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। विश्वविद्यालय के 35 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका है जब नैक मूल्यांकन के मद्देनजर टेलीफोन डायरेक्टरी तैयार की गई है। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली के बारे में जानने के लिए दूरभाष निर्देशिका एक महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके माध्यम से विभिन्न संकाय, विभागों के बारे में और उसमें कार्यरत अधिकारी, प्राध्यापक और कर्मचारियों की जानकारी है। आज के दौर में संपर्क के विवरण यदि एक ही जगह सुलभ हों तो इससे कार्य में सरलता और सुगमता आ जाती है। कुलसचिव महेंद्र कुमार और परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह ने भी डायरेक्टरी के प्रकाशन पर टीम को बधाई दी। कहा कि विश्वविद्यालय नए-नए कीर्तिमान स्थापित करे, जिससे ग्रामीण विकास और उच्च शिक्षा दोनों के लक्ष्य को नई शिक्षा नीति के अनुरूप प्राप्त किया जा सके। टेलीफोन डायरेक्टरी के संयोजक डॉ. रसिकेश ने आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर कुलसचिव महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह, एआर बबिता, अमृत लाल, दीपक सिंह, ओएसडी डॉ. केएस तोमर, लक्ष्मी प्रसाद मौर्य, पीआरओ अमित वत्स, डॉ. सुरजीत कुमार, डॉ. राजकुमार उपस्थित रहे।