फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jaunpur News ›   top latest and today news of jaunpur

जौनपुर की बड़ी खबरें एक क्लिक मेंः पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, बच्चों के विवाद में मारपीट; तीन घायल

Thu, 09 May 2024 08:05 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर
अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 09 May 2024 08:05 PM IST
सार

Jaunpur News: जौनपुर में गुरुवार को अपराध की कई खबरें सामने आईं। इसमें जिले के मीरपुर गांव में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह बीते तीन मई को दवा लेने के लिए वाराणसी गया हुआ था। चार मई की सुबह वह लापता हो गया। तभी से परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। वहीं, प्राथमिक विद्यालय गजाधरपुर में बन रहे शौचालय को अराजक तत्वों ने तोड़कर ध्वस्त कर दिया।

विज्ञापन
top latest and today news of jaunpur
सुरेश यादव की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जौनपुर के मुफ्तीगंज के मीरपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक बाउंड्री में पेड़ की डाल से लटकते एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की काफी भीड़ जुट गई। सूचना पर केराकत पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान सुरेश यादव निवासी बगथरी के रूप में की।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, गौराबादशाहपुर थाना के बगथरी निवासी सुरेश यादव तीन मई को वाराणसी दवा लेने गया था। दवा लेकर लौटते समय वह अपने ससुराल देवकली में रुक गया। चार मई की भोर में वह अचानक लापता हो गया। ससुराल व घर वालों ने काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। मीरपुर में लाश मिलने पर जब ससुराल वाले वहां गए तो उन्होंने शव की शिनाख्त सुरेश के रूप में की। शव की शिनाख्त होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। 
विज्ञापन


केराकत कोतवाली प्रभारी दिलीप कुमार सिंह ने बताया की मृतक की दिमागी स्थिति ठीक नहीं थी। उसका वाराणसी में इलाज चल रहा था। शव कई दिन पुराना लग रहा था। शव से काफी दुर्गंध निकल रही थी। मृतक के परिजनों ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


अराजकतत्वों ने तोड़ी विद्यालय में बन रहे शौचालय की दीवार
जौनपुर के महराजगंज ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय गजाधरपुर में हो रहे शौचालय निर्माण में बने दीवार को अराजकतत्वों ने तोड़कर ध्वस्त कर दिया। जानकारी होने पर प्रधानाध्यापक ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को सूचना दी। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

गजाधरपुर गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि हरिश्चंद्र उपाध्याय ने बताया कि लोकसभा चुनाव की दृष्टिकोण से विद्यालय में बूथ की जांच करने आए एसडीएम बदलापुर ने निर्देशित किया था कि विद्यालय में शौचालय का निर्माण चुनाव से पहले पूरा कराना है। चारों तरफ दीवारें बनकर तैयार हो गईं थी, बृहस्पतिवार को छत की ढलाई करानी थी। 

इसी बीच बीती रात अराजकतत्वों ने शौचालय की दीवारें तोड़ दीं। इसकी सूचना बीडीओ महराजगंज, एसडीएम बदलापुर व थानाध्यक्ष बदलापुर को दी गई। प्रधानाध्यापक दयाशंकर पाल ने बीईओ को सूचित किया और संबंधित अधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र दिया। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने पुलिस को सूचित करने की बात कही और कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। 

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच किया। ऐसे में प्रधान प्रतिनिधि ने थाने में तहरीर देकर अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर अवगत कराया। थानाध्यक्ष बदलापुर रोहित मिश्रा ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।

ज्योतिषी हत्याकांड मामले में अभियुक्त पक्ष से बहस जारी
जौनपुर के अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ व एमपी एमएलए कोर्ट में सरपतहां थाना क्षेत्र के तांत्रिक हत्याकांड में बृहस्पतिवार को अभियुक्त पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा बहस की गई। मुकदमे में शेष बहस के लिए अगली तिथि 13 मई नियत की गई है।

बता दें कि तांत्रिक एवं ज्योतिषाचार्य डॉ. रमेशचंद्र तिवारी की निर्मम हत्या 15 नवंबर 2012 को उनके पैतृक आवास सरपतहां थाना क्षेत्र स्थित ऊंचगांव में उस समय की गई जब वे अपने लोगों के साथ दरवाजे पर बैठकर धर्म की चर्चा कर रहे थे। प्रकरण में अभियोग पंजीकृत होने के बाद सरकार के सख्त निर्देश के क्रम में मुकदमे की निष्पक्ष जांच शुरू हुई तो तांत्रिक हत्याकांड में कुल 14 अभियुक्त प्रकाश में आए। 

इसमें दो पेशेवर शूटर शेरू और विपुल सिंह के अलावा हत्याकांड के 13 अभियुक्त जेल से छूटकर जमानत पर हैं। सभी आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। सनसनीखेज मुकदमे की अग्रिम विधिक कार्रवाई उच्च न्यायालय एवं वरिष्ठ उच्चाधिकारियों के संज्ञान में चल रही है।

चार जगहों से 90 लीटर शराब के साथ चार गिरफ्तार
जौनपुर के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान गुरुवार को क्षेत्र के चार जगहों से 90 लीटर अवैध शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह अपनी टीम के साथ कोल्हुआ के पास चेकिंग कर रहे थे। 

इसी दौरान 20 लीटर शराब के साथ भटपुरा पावर हाउस मोड़ के पास संजय कुमार निवासी राजपुर रुखार को गिरफ्तार किया। उप निरीक्षक राकेश सिंह ने आईटीआई गद्दोपुर मोड़ के पास राम नगर उपधान की तरफ से गैलन लेकर आ रहे युवक अंगेश गौतम निवासी बैहारी को 20 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया। 

एबीएस चौकी इंचार्ज शिवप्रसाद पांडेय लोकापुर से 20 लीटर शराब के साथ संदीप कुमार निवासी बैहारी को गिरफ्तार किया। राजाबाजार चौकी इंचार्ज प्रद्युम्न मणि त्रिपाठी कस्बे में आबकारी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। सूचना पर बासूपुर नहर पुलिया के पास से आ रहे युवक प्रदीप गौड़ निवासी कैलवल को 30 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।

बच्चों के विवाद में मारपीट, तीन लोग घायल
जौनपुर के सुम्बुलपुर गांव में बुधवार की देर शाम बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से तीन लोग घायल हो गए। घायलों का पीएचसी सोंधी पर मेडिकल जांच कराने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। गांव के मो. नसीम के अनुसार बच्चों के आपसी विवाद को लेकर उसके पट्टीदारों ने उसके परिवार वालों की पिटाई कर दी।

इसमें मो. नसीम की पत्नी सुरैया बानो (45), पुत्री नेदा बानो (15) और पुत्र निहाल (13) घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया की पीड़ित नसीम की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

दुकानदार के खिलाफ एससीएसटी का मुकदमा दर्ज
मारपीट मामले में पीड़ित की तहरीर पर बुधवार की देर रात पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ एससीएसटी का मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक पीड़ित जिलाजीत सरोज पुत्र रजई सरोज ग्राम भरथरी पो. भटौली थाना तेजीबाजार का रहने वाला है। उसने तहरीर में आरोप लगाया कि वह दो दिन पूर्व महराजगंज बाजार में सब्जी लेने शिवकुमार मौर्या की दुकान पर गया। 

सब्जी के लेन देन को लेकर शिवकुमार ने उसे गाली दी और जाति सूचक शब्दों से उसका अपमान किया। जिलाजीत के मना करने पर दुकानदार ने तौल बाट व डंडा से उसकी पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच करते हुए शिवकुमार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

गांजा और असलहे के साथ दो गिरफ्तार
जौनपुर के अहमदपुर शिवाला तथा नेवादा चौराहे से बृहस्पतिवार की भोर में पुलिस ने दो बदमाशों को गांजा तथा एक तमंचा के साथ गिरफ्तार किया। थानाप्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह भोर में चौकी प्रभारी अरविंद यादव व अन्य सहयोगियों के साथ मौजूद थे। इसी समय एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई पड़ा। तलाशी ली गई तो उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। 

पकड़ा गया बदमाश मनोज कुमार पुत्र स्वर्गीय राम आधार निवासी त्रिलोई थाना मुंगराबादशाहपुर का निवासी है। उधर, नेवादा चौराहे पर चेकिंग के दौरान राजकुमार सोनी निवासी नया कालोनी ताड़तला कोतवाली जौनपुर एक व्यक्ति को पकड़ा गया। उसके पास से एक झोले में 1.7 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों बदमाशों का चालान कर दिया गया।


न्याय के लिए सीएम को पत्र भेजा
जौनपुर के नेवढ़िया थाना क्षेत्र से एक माह पूर्व गायब किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस से गुहार लगाकर थक चुकी महिला ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री और डीआईजी को पत्र भेज कर बेटी का पता लगाने की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि 16 वर्षीय पुत्री का 5 अप्रैल 2024 को अपहरण हो गया। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर बैठ गई। आज तक पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की। महिला ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed