सिकरारा। क्षेत्र के बांकी गांव में चकबंदी प्रक्रिया में व्यापक धांधली से नाराज काश्तकारों ने गत दिनों आगामी विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी थी। इसको संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी ने सोमवार को जिला बंदोबस्त अधिकारी शीतलेंद्र सिंह को गांव में पहुंचकर काश्तकारों की समस्या के समाधान करने का निर्देश दिया। गांव के सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी यशवंत सिंह की अगुआई में गांव के काश्तकारों ने कई बार जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक गांव में मनमाने तरीके से नियम विरुद्ध की गई चकबंदी पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। शिकायत करने के बावजूद किसी प्रकार का समाधान नहीं हुआ तो आगामी विधानसभा चुनाव में बहिष्कार की चेतावनी दी थी। जिसको संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने जिला बंदोबस्त अधिकारी को गांव में जाकर काश्तकारों से बात कर मामले का समाधान निकालने का निर्देश दिया था। इसी को लेकर सोमवार को गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में काश्तकारों को एक सप्ताह में समाधान निकालने का आश्वासन दिए। उधर काश्तकारों ने कहा कि यदि प्रशासन चकबंदी प्रक्रिया की गड़बडि़यों का समाधान नहीं निकालती तो वह चुनाव बहिष्कार करने के निर्णय पर कायम रहेंगे। इस मौके पर सुरेश सिंह, मैन बहादुर सिंह, विनय मिश्र, जय नारायण सिंह, धीरेंद्र सिंह, शरद सिंह, सुनील सिंह, संतोष सहित तमाम काश्तकार मौजूद रहे।