जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर गोमती का 37वां अधिष्ठापन समारोह रविवार की रात में शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में संपन्न हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सेवा, समर्पण, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं विष्णु प्रिया के प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। ध्वज वंदना एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष उदय चंदानी ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाना है। एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा ने कहा कि नेपाल में जिस तरह से कुदरत का कहर बरपा था, इसका दंश पूरा देश उठा रहा है, ऐसे में लायंस क्लब इंटरनेशनल की एलसीआई ने तत्काल 24 घंटे में 2 लाख डॉलर की मदद भेज दिया। अधिष्ठापन अधिकारी उप मंडल अध्यक्ष प्रथम उमेश चंद्र कक्कड़ तथा दीक्षा अधिकारी द्वितीय श्याम बाबू वर्मा सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। निवर्तमान अध्यक्ष लायन डॉ. राजेश मौर्या ने अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। खुशबू गुप्ता ने सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिमा गुप्ता, सतीश टंडन, ब्रजेंद्र बाजपेयी, चेयरपर्सन मनीष अग्रहरि, संजीव साहू उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हसनैन कमर दीपू ने कहा कि क्लब आगामी कार्यकाल में सेवा गतिविधियों को और व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान करेगा। नवनिर्वाचित सचिव लायन नवीन मिश्रा ने सेवा कार्य की चर्चा की।