जौनपुर। नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में हुई कोर कमेटी की बैठक में विद्युत निगम के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी एक बकायेदार की वजह से पूरे मोहल्ले की बिजली नहीं काटी जानी चाहिए। इस तरह की शिकायत आने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि हर हाल में मनिहा पाॅवर हाउस को अक्तूबर के आखिरी सप्ताह तक काम पूरा कराकर क्रियाशील करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को आगाह किया कि निचले स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतें चाहे वह विद्युत विभाग की हों या अन्य विभाग की, उसका त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान उन्होंने ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता में वृद्धि, जर्जर तार बदलने, स्मार्ट मीटर, बिजली आपूर्ति, त्रुटि रहित बिलिंग समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा की भाजपा सांसद सीमा द्विवेदी, शाहगंज के निषाद पार्टी के विधायक रमेश सिंह, अपना दल-एस के मड़ियाहूं के विधायक डाॅ. आरके पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, डीएम डॉ.दिनेश चंद्र, एसपी डॉ. कौस्तुभ आदि मौजूद रहे।