जौनपुर: युवक-युवती के लिव इन में रहने पर तनाव, कार्रवाई न होने पर नाराज लोग बंद कराने लगे बाजार
जौनपुर के एक हिंदू युवती का मुस्लिम युवक से प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे। इसकी जानकारी होते ही दो पक्षों में तनाव हो गया।
विस्तार
यूपी के जौनपुर में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक के लिव इन रिलेशन में रहने को लेकर दो पक्षों में तनाव हो गया। इस मुद्दे पर हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए बाजार बंद कराने की कोशिश की। पुलिस ने अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
मुंगराबादशाहपुर नगर की एक हिंदू युवती प्रयागराज में पढ़ रही थी। वहीं क्षेत्र के एक मुस्लिम युवक से उसके प्रेम संबंध हो गए तो दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे। 31 अक्तूबर को इसकी जानकारी उनके परिजनों को हुई तो उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों राजी नहीं हुए और एक साथ रहने की जिद पर अड़े रहे।
एक सप्ताह से हिंदू संगठन व परिजन इस मामले पर पुलिस अधिकारियों से बात कर रहे थे, लेकिन मामला हल नहीं हुआ। रविवार सुबह हिंदू संगठनों के कुछ लोग परिजनों के साथ इसे लव जिहाद बताते हुए थाने पहुंच गए। वह युवक के खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़ गए।
तनावपूर्ण हो गया माहौल
जिस पर सीओ अतर सिंह और प्रभारी थानाध्यक्ष अजय पांडेय ने युवक-युवती के साथ रहने पर हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया। इस पर संगठन के लोग बिफर गए और बाजार बंद कराने लगे। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस के संज्ञान में मामला आते ही अफरातफरी मच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इस मामले पर व्यापार मंडल अध्यक्ष आलोक गुप्ता का कहना है कि प्रशासन यदि कोई कार्रवाई नहीं करता है तो आर-पार की लड़ाई होगी। वहीं छुट्टी पर गए थानाध्यक्ष सदानंद राय का कहना है कि दोनों बालिग हैं। मामले को लेकर हाईकोर्ट के दिशानिर्देश भी हैं। आला अधिकारियों के संज्ञान में मामला है।
समझाकर शांत कराया मामला
रविवार सुबह कुछ लोग मुकदमा लिखने की बात कर रहे थे, जिस पर मैंने युवक-युवती को हाईकोर्ट से मिले आदेश को उन लोगों को बताया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। बाजार बंद कराने लगे, लेकिन समझाकर मामले को शांत करा दिया गया है।- अतर सिंह, सीओ