जौनपुर। प्रदेश के खेल युवा कल्याण एवं पंचायती राज विभाग विभाग के राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल कार्यकाल में प्रदेश को उत्तम बनाने के साथ सभी जाति व वर्ग का विकास किया है। गरीबों और महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू कर उन्हें आत्म निर्भर बनाया जा रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुस्त - दुरुस्त करने का काम किया गया है। इससे अब बिना संकोच के लोग बाहर निकल रहे हैं। खासकर महिलाएं जो पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में डर के कारण घरों से बाहर नहीं निकल पा रही थीं, वह भी निश्चिंत होकर घरों से बाहर निकल कर अपना कामकाज निपटा रही हैं। उपेंद्र तिवारी रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी थी तो प्रदेश में जंगल राज कायम था। इस स्थिति को प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने समाप्त किया है। अपराधी या तो जेल में हैं या फिर उनको ढेर कर दिया गया है। विकास कार्य के मामले में मेडिकल कालेज व पुल बनाने, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, हाइवे आदि का निर्माण कराकर प्रदेश का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसानों के हित में योजनाओं का संचालन कर उनकी आय दो गुनी करने का कार्य किया गया है। महिलाओं को लकड़ी जलाकर भोजन बनाना पड़ रहा था। उनकी इस पीड़ा को उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलिंडर बांट कर दूर करने किया गया है। युवाओं को भी रोजगार देकर उनके सपनों को पूरा करने किया गया है। एक सवाल के जवाब में उपेंद्र ने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण चल रहा है। इससे सिर्फ शहर का आधा हिस्सा लाभान्वित होगा। शेष हिस्सा को लाभान्वित कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि नवंबर माह में मेडिकल कालेज में शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कहा कि जहां गुणवत्ता का सवाल है तो मेडिकल कालेज का निर्माण हर हाल में मानक के अनुरूप कराया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद सीमा द्विवेदी, केराकत विधायक दिनेश चौधरी, भाजपा जौनपुर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, भाजपा मछलीशहर जिलाध्यक्ष रामविलास पाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंहानिया, जिला मंत्री अभय राय, डीएम मनीष कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।