थाने में मौत का मामला: पुलिस हिरासत में हुई किशन यादव की हत्या, ठोस कार्रवाई तक नहीं चलने देंगे सदन- रामगोविंद
जौनपुर जिले के बक्शा थाने में युवक की हिरासत में मौत होने के बाद मृतक के परिजनों से मिलने समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल चकमिर्जापुर गांव पहुंचा। नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के नेतृत्व में मृतक किशन यादव के परिजनों से मुलाकात की।
उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यह योगी सरकार की ठोक नीति का नतीजा है। गुंडे-माफिया सरेआम सड़कों पर घूम रहे हैं और बेकसूर लोगों को फर्जी मुकदमे में फंसाकर हत्या की जा रही है। योगी आदित्यनाथ से प्रदेश संभाला नहीं जा रहा। उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि परिवारवालों को 20 लाख रुपये आर्थिक सहायता दी जाए और मामले की हाईकोर्ट के जज की निगरानी में जांच कराई जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने परिजनों को आश्वासन दिया कि जब तक दोषी पुलिसकर्मी गिरफ्तार नहीं हो जाते सपा का एक भी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने तक सदन नहीं चलने देने की भी बात कही।
बक्शा थाने में गुरुवार की रात चकमिर्जापुर गांव निवासी कृष्णा उर्फ किशन उर्फ पुजारी यादव की मौत के मामले की जानकारी लेने सपा प्रतिनिधिमंडल रविवार की दोपहर करीब दो बजे गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने किशन के बड़े भाई अजय यादव और पिता तिलकधारी से घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे रामगोविंद चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने किशन यादव के घर में घुसकर उत्पात मचाया। पोस्टमार्टम के 36 घंटे बाद भी रिपोर्ट सार्वजनिक न करना मामले में लीपापोती की कोशिश को उजागर करता है। युवक की बर्बरतापूर्ण पिटाई के निशान परिजनों व अन्य लोगों ने देखे हैं।