वाराणसी-लखनऊ फोरलेन पर जलालपुर क्षेत्र के मकरा बाईपास पर मंगलवार को हुए हादसे में पांच की मौत के बाद अब एनएचएआई की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जगह-जगह संकेतक बोर्ड लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को जलालपुर थाना क्षेत्र में वाराणसी की सीमा से लेकर त्रिलोचन बाईपास तक एक दर्जन से अधिक स्थानों पर संकेत बोर्ड लगाए गए।
मकरा बाईपास पर जहां हादसा हुआ था, वहां भी दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र का बोर्ड लगा दिया गया। असबरनपुर पुलिया के पास भी दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र और धीमे चलें का बोर्ड लगा दिया गया। त्रिलोचन बाईपास के निकट डायवर्जन बोर्ड लगाकर पहले से रखी गई मिट्टी को हटाकर दोनों लेन चालू कर दिए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी के पास भी संकेतक बोर्ड लगा दिया गया। हौज के पास भी मिट्टी हटाकर दोनों लेन को चालू कर दिया गया। हाइवे के किनारे जगह जगह टिनशेड में चल रही चाय. पान, मिठाई के दुकानदारों को भी टिनशेड हटाने की चेतावनी दी गई है। कई स्थानों पर हाईवे की पटरी पर अतिक्रमण कर दुकानें खोल ली गई हैं। ऐसे स्थानों पर अक्सर छोटे-बड़े वाहन सड़क पर ही खड़े हो जाते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। फोर लेन का निर्माण कर रही संस्था गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड के जीएम नागार्जुन ने बताया कि हाइवे की पटरी पर टिन शेड रखकर दुकान चलाने वाले दर्जन भर लोगों को टिन शेड हटाने की चेतावनी दी गई है।