करंजाकला। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में छात्र नेता दिव्यांशु सिंह के नेतृत्व में छात्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हाथों में मोमबत्तियां जलाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेता दिव्यांशु सिंह ने कहा कि पुलवामा में हमारे वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह पूरे राष्ट्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत केवल एक घटना नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता, साहस और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यदि आज का युवा वर्ग राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तो यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्रों ने जलती मोमबत्तियों के साथ शहीदों को नमन किया और देशभक्ति के नारों के माध्यम से अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। इस अवसर पर पृथ्वीराज सिंह, साईं राम यादव, पवन यादव, शुभम, रवि, मोनू, शंभूनाथ, आलोक पंडित, नीतिश, दीपक, बिपुल मिश्रा, रजनीश यादव, अनिकेत बिंद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।