केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पौनी में घर के सामने तालाब में डूबने से पूर्व प्रधान की बेटी और भतीजी की सोमवार को मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बिना पुलिस को सूचना दिए दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
पौनी ग्राम के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव की बेटी रिया यादव (16) और उनकी भतीजी रीमा यादव (17) पुत्री रामजीत यादव सोमवार की शाम घर के सामने स्थित तालाब के किनारे पशुओं के लिए चारा काट रही थी। परिवार के लोगों के मुताबिकि रिया इसी दौरान असंतुलित होकर तालाब में गिर पड़ी। उसे डूबता देख उसकी चचेरी बहन रीमा यादव ने उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। तैरना नहीं आने के कारण दोनों तालाब में डूबने लगी। हालांकि बगल के खेत में चारा काट रही पड़ोस की एक लड़की यह सब देख रही थी। उसने दौड़कर घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी। लेकिन, तब तक एक दूसरे को बचाने के चक्कर में दोनों तालाब में डूब गई। ग्रामीण तालाब में उतरकर पानी में डूबी दोनों चचेरी बहनों को बाहर निकाला, किंतु उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। जबकि पूरे गांव में चूल्हा नहीं जला। मंगलवार को भी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। इस संबंध में कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं है।