केराकत। पनिहर गांव स्थित पोखरे के पास भीटे की जमीन पर शुक्रवार देर रात कुछ ग्रामीणों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें प्रतिमा रखने से रोक दिया। गांव के कुछ लोग भीटे पर प्रतिमा रखकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। भीटे के बगल में बसे सुनील कुमार ने जब विरोध किया तो प्रतिमा रखने वाले लोग उग्र हो गए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्रतिमा स्थापना को रोक दिया। दलित बस्ती के कुछ लोग देर रात प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी में जुटे थे। मामला संवेदनशील होने की आशंका पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और बिना प्रशासनिक अनुमति के प्रतिमा स्थापित न करने की हिदायत दी। पुलिस के रोक लगाने के बाद ग्रामीण उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए। वहां नायब तहसीलदार हुसैन अहमद ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद ही प्रतिमा स्थापना की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति यदि कोई प्रतिमा स्थापित करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान संजय कुमार, गोविंद कुमार, मनई राम, मुन्ना कुमार, दयाराम, आशीष कुमार, नीरज कुमार, अमित कुमार, सीमा देवी, सुषमा देवी, अनीता देवी, तारा देवी, निशा देवी, रीता देवी, रेशमा देवी, केवला देवी उपस्थित रहीं।