Jaunpur: मामूली सी जमीन के लिए खूनी खेल, कहीं भाई ने भाई को तो कहीं चाचा ने भतीजे को उतारा मौत के घाट
मामूली सी जमीन के जौनपुर में दो लोगों की हत्या हो गई। सुजानगंज थाना क्षेत्र के भैंसहा रामपुर गांव में भाई ने भाई की जबकि बरसठी के कांटी गांव में चाचा-चाची ने लाठी-डंडे से हमला कर भतीजे की जान ले ली।
विस्तार
यूपी के जौनपुर जिले में मामूली सी जमीन के लिए अपने ही अपनों के जान के दुश्मन बन गए। सुजानगंज थाना क्षेत्र के भैंसहा रामपुर गांव में भाई ने भाई की जबकि बरसठी के कांटी गांव में चाचा-चाची ने लाठी-डंडे से हमला कर भतीजे की जान ले ली। दोनों ही मामलों में पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस तफ्तीश में जुटी है।
सुजानगंज थाना क्षेत्र के भैंसहा रामपुर निवासी राम सिंह पटेल(50) पुत्र पारसनाथ पटेल रविवार सुबह बारिश के बाद पानी की निकासी के लिए नाली साफ करने लगे। तभी उसकी भाई रामकरन से कहासुनी हो गई जो मारपीट में बदल गई। रामकरन और उसकी पत्नी सुमित्रा देवी ने ईंट से राम सिंह पटेल पर हमला बोल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के समय राम सिंह के परिवार में केवल पत्नी और बड़ी बहू थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ बदलापुर अशोक सिंह ने कहा कि मृतक की पत्नी चंद्रावती ने तहरीर दी है। जिसमें रामकरन सिंह पटेल व राम सिंह पटेल में विवाद हो गया। धक्का-मुक्की होने पर राम सिंह पटेल की खड़ंजे पर गिरने से मौत हो गई। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
वहीं बरसठी थाना क्षेत्र के कांटी गांव की है। जहां भूमि विवाद को लेकर भाइयों में विवाद हो गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। जिसमें फूलचंद (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घायलावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में फूलचंद की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ मछलीशहर अतर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।