यूपी: प्यार में धोखा खाई युवती मुंबई से जौनपुर पहुंची, पति ने जबरन कराया गर्भपात, फरार युवक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
मुंबई की रहने वाली एक युवती प्यार में धोखा खाने के बाद इंसाफ की गुहार लगाने उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पहुंची है। युवती बदलापुर थाने में गुहार लगा रही है। मंगलवार की रात उसने तहरीर देकर आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र के छिटकापुर गांव के एक युवक ने प्यार में धोखा दिया। साथ ही शारीरिक संबंध बनाए और गर्भपात कराया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवती बिहार के सीतामढ़ी जिला के परिहार थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने आरोप लगाया है कि साल 2020 में उसकी मुलाकात मुंबई के गोरेगांव में बदलापुर थाना क्षेत्र के छिटकापुर निवासी विशाल यादव उर्फ सोनू से एक स्टूडियो में हुई। दोनों की दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। युवती अपने परिवार को छोड़कर विशाल के साथ रहने लगी और दोनों ने मुंबई में ही एक मंदिर में शादी कर ली। युवती का आरोप है कि विशाल शादी के बाद उसे लेकर छिटकापुर आ गया।
20 दिन रहने के बाद फिर मुंबई ले गया। इस बीच युवती वर्ष 2020 में गर्भवती हो गई। युवती ने आरोप लगाया कि विशाल ने तब उसका गर्भपात करा दिया। साल 2021 में फिर वो गर्भवती हुई। आरोप है कि इस बार भी विशाल ने जबरदस्ती दवा देकर गर्भपात करा दिया। जिसे लेकर वो परेशान हो उठी।
युवती का कहना है कि उसने कोर्ट में शादी करने के लिए दबाव बनाया तो विशाल बार-बार शादी का वादा करता रहा और एक दिन उसे छोड़कर कहीं गायब हो गया। बार-बार फोन करने के बाद युवती की जब विशाल से बात नहीं हो पाई तो वह 18 अक्तूबर को बदलापुर थाने पहुंची।
पुलिस ने विकास के परिवार को थाने बुलाया, जिन्होंने शादी से ही इनकार दिया। साथ ही यह भी बताया कि विशाल से उनकी बातचीत नहीं हो रही है। वहीं, पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर विशाल कुमार यादव उर्फ सोनू के मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती बुधवार को बिहार चली गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि युवती की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी विशाल की तलाश की जा रही है।