शर्मनाक: मां और भाई ने ही की हत्या, किशोरी के गर्भवती होने पर उठाया था खौफनाक कदम, पिता ने दर्ज कराई एफआईआर
बहन की तबीयत खराब होने पर महिला चिकित्सक को दिखाया गया तो पता चला कि वह गर्भवती है। भाई और मां जानना चाहते थे कि भ्रूण किसका है, लेकिन काफी दबाव बनाने के बाद भी किशोरी ने इसकी जानकारी नहीं दी। इसके बाद मां और बेटे ने हत्या की साजिश रची।
विस्तार
जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र में किशोरी की हत्या कर शव फेंकने के मामले का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में किशोरी के भाई और मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस लाइन में एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि 29 जून की रात गायब किशोरी का शव अगले दिन तालाब के किनारे मिला था।
किशोरी के पिता की तहरीर पर पड़ोस के दो परिवारों के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के आठ माह की गर्भवती होने का पता चलते ही परिवार वाले शक के दायरे में आ गए थे। पुलिस ने किशोरी के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई।
एएसपी ने बताया कि आरोपी भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की तबीयत कई दिनों से खराब चल रही थी। उसे महिला चिकित्सक को दिखाया गया तो पता चला कि वह गर्भवती है। भाई और मां जानना चाहते थे कि भ्रूण किसका है, लेकिन काफी दबाव बनाने के बाद भी किशोरी ने इसकी जानकारी नहीं दी। इसके बाद मां और बेटे ने हत्या की साजिश रची।
29 जून की रात भाई किशोरी को घर के पास मक्के के खेत में ले गया। वहां उसका मुंह और नाक दबा दी। इससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद मां-बेटे ने शव तालाब के किनारे रख दिया। घटना को दूसरा रूप देने के लिए कमर से ऊपर के कपड़े निकाल दिए थे। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। जिन पांच लोगों के खिलाफ किशोरी के पिता ने केस दर्ज कराया था, उन्हें मुक्त कर दिया गया।