Jaunpur: फंदे से लटकता मिला किशोरी का शव, 25 दिन के भीतर एक ही परिवार में तीसरी मौत
जौनपुर जिले के सुरिस गांव में बुधवार शाम को घर के कमरे में लगे पंखे से किशोरी का लटकता हुआ शव मिलने से खलबली मच गई। 25 दिन के भीतर परिवार के तीन लोगों की मौत फंदे से लटककर होने से परिजनों में कोहराम मचा है।
विस्तार
जौनपुर जिले के सुरिस गांव में बुधवार शाम को घर के कमरे में लगे पंखे से किशोरी का लटकता हुआ शव मिलने से खलबली मच गई। 25 दिन के भीतर परिवार के तीन लोगों की मौत फंदे से लटककर होने से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सुरिस गांव निवासी कक्षा सात की छात्रा खुशी बिंद (13) पुत्री तीरथ बिंद शाम के समय घर में अकेली थी। परिवार के अन्य लोग खेत में काम करने के लिए गए थे। जब वापस लौटे तो छत पर लगे पंखे के हुक से उसका शव लटक रहा था। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंचे उपनिरीक्षक जनार्दन यादव व प्रभुनाथ यादव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इससे पहले खुशी के चाचा मनोज पुत्र रामनाथ की 25 जून को मौत हुई थी। उन्होंने फंदा लगाकर जान दी थी। उनका दाह संस्कार हुए तेरह दिन भी नहीं बीता था कि परिवार की ही सुमन पुत्री सतीश ने नौ जुलाई को घर के अंदर फंदा लगा लिया। अब खुशी की मौत से परिवार में मातम छा गया।
दो लड़कियां गायब, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पंवारा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक लड़की सोमवार को विद्यालय में प्रवेश कराने के लिए घर से निकली, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पास-पड़ोस व रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला। थक-हारकर लड़की की मां ने अज्ञात के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
दूसरी घटना इसी थानाक्षेत्र के ही दूसरे गांव में 16 जुलाई को हुई है। एक गांव की किशोरी शाम को घर से किसी को बिना बताए कहीं चली गई और घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला। बाद में पता चला कि गांव का ही एक व्यक्ति उसको बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष राजनारायण चौरसिया का कहना है कि दोनों प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।