जौनपुर में बड़ा हादसा: मकान गिरने से मां-बेटी की मौत, पति की आंखों के सामने उजड़ गया परिवार; मातम
Jaunpur News: जिले के शाहगंज-क्षेत्र के राजापुर सहावै गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ। एक मकान गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
Jaunpur News: शाहगंज थाना क्षेत्र के राजापुर सहावें गांव में बुधवार दोपहर छप्पर में बनी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से मां-बेटी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ज्ञानती देवी (46) और उनकी बेटी अंब्रिका (12) के रूप में हुई। हादसे में एक बकरी भी मलबे में दबकर मर गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार राजापुर सहावें गांव निवासी बिंदु राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर वह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान छप्पर में बनी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उसमें दबी ज्ञानती देवी और उनकी बेटी अंब्रिका को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल मां-बेटी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बेटी की मौत से बिंदु राजभर बेसुध हो गए। आसपास के लोगों ने परिवार के सदस्यों को संभाला।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। हादसे में एक बकरी की भी मौत हुई है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि राजापुर सहावें गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से मां-बेटी की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है।