जौनपुर। पुलिस ने नेवढ़िया क्षेत्र के बनेवरा गांव के पास 25 दिसंबर को सुबह सराफा कारोबारी अमित सेठ से हुई लूट का खुलासा कर दिया है। इस मामले में सर्विलांस की मदद से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए बदमाशों से दो बाइक, तमंचे, कारतूस, मोबाइल और लूट का माल बरामद किया गया है।
सोमवार को पुलिस लाइन में एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव, एसओजी प्रभारी पर्व कुमार सिंह, थानाध्यक्ष नेवढ़िया संजय कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ रविवार की रात नेवढ़िया क्षेत्र के सिहोरीबीर बरमबाबा स्थान के समीप से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, एक मोबाइल फोन, दो बाइक, सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में नेवढ़िया थाने के मढ़ी का शनि कुमार सरोज, बशीरपुर का अरविंद गौड़, गुतवन का नन्हे उर्फ भोलेनाथ, आदीपुर का अरविंद पटेल और केराकत थाना क्षेत्र के के छतरीपुर का विकास यादव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में से दो का पुराना आपराधिक इतिहास है जबकि तीन बदमाशों का नाम पहली बार सामने आया है। पुलिस के मुताबिक लूट की घटना को दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने अंजाम दिया था, जबकि पांचवें ने मुखबिरी की थी।