जौनपुर: ट्रक चालक से एक लाख की लूट, आरोपी थाने से हथकड़ी सहित फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप
जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र केशवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास दो बदमाशों ने लूटपाट की थी। एक रुपये लेकर फरार हो गया तो दूसरे बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया। जिसे पुलिस को सौंप दिया। अब अगले दिन की सुबह वह बदमाश भी हथकड़ी सहित फरार हो गया है। जिससे पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है।
विस्तार
जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र केशवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार को माल उतारकर वापस आ रहे ट्रक चालक को तमंचा दिखाकर बदमाशों ने एक लाख पांच हजार रुपये लूट लिये। चालक और खलासी का शोर सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा रुपये लेकर भाग गया। वहीं, पकड़ा गया आरोपी बदमाश भी भोर में थाने से हथकड़ी सहित भाग गया।
प्रयागराज जनपद के दांडी नैनी के रहने वाले शमशीर आजमगढ़ के मार्टिंगंज नोनारी अब्दुल्ला वेल्डिंग मटेरियल से माल खाली करके वापस जा रहा था। उसने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे वह केशवपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा था कि बाइक सवार दो बदमाशों ने ट्रक को रुकवा लिया और तमंचे के बल पर लूटपाट की।
इस दौरान चालक और खलासी दोनों बदमाशों से भिड़ गए और शोर मचाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण भी घटना स्थल की ओर दौड़े। लोगों को आता देखकर एक बदमाश लूटे गए एक लाख पांच हजार छह सौ रुपये लेकर आजमगढ़ की तरफ भाग निकला, जबकि दूसरे को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
घटना की जानकारी होने पर गौराबादशापुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई और बदमाश को थाने ले आई। लेकिन भोर में बदमाश हथकड़ी समेत भाग निकला। वहीं, घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने गोपनीय तरीके से पहले खोजबीन करने की कोशिश की, लेकिन, बदमाश का कहीं पता नहीं चल पाया। वहीं, दोपहर में पुलिस अधीक्षक सिटी डॉ संजय कुमार सीओ केराकत शुभम तोडी भी थाने में पहुंचे मामले की जानकारी हासिल कर मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।