सुरेरी। थाना क्षेत्र के सुरेरी गांव के मार्ग पर गिट्टी डालकर काफी दिनों से छोड़ दिया गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद भी निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराने से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आंदोलित ग्रामीणों ने विभागीय अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विकासखंड रामपुर के ग्राम पंचायत सुरेरी के महाइतपुर बाजार से मोदफ जाने वाला मार्ग जर्जर हो जाने के कारण ग्रामीणों की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग द्वारा 450 मीटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त मार्ग पर कई माह पूर्व निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा कार्य तो शुरू कराया गया, लेकिन उक्त मार्ग पर बड़े-बड़े गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। जिससे लोगों को आने जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार की दोपहर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुभाष चंद्र गौतम की अगुवाई में महाइतपुर मोदफ मार्ग पर इकट्ठा होकर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कई माह पूर्व उक्त मार्ग पर गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन के दौरान ग्रामीण व क्षेत्रिय लोगों को काफी समस्या होती है। आए दिन लोग जर्जर मार्ग पर गिरकर चोटिल हो जाते हैं, जिसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा कई बार लोक निर्माण विभाग व जिला प्रशासन से की गई है। बावजूद इसके, उक्त मार्ग का निर्माण पूर्ण नहीं हो सका है। प्रदर्शन करने वालों में पप्पू यादव, श्यामधर यादव, मीना गौतम, मनभावती, फूलदेवी, राहुल, विजय, संतोष, राजेश, अवधेश, प्रकाश, अजय आदि लोग रहे। लोक निर्माण विभाग के जेई राजेश पाल ने बताया कि धन की कमी के चलते निर्माण कार्य रुका हुआ है, जैसे ही धन का आवंटन होगा निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।