महराजगंज। थाना क्षेत्र के डेल्हूपुर गांव में ननिहाल आई स्नातक छात्रा काजल की हत्या गोली मारकर ही की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी इसकी पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर घटना के वक्त कमरे में मौजूद मौसेरे भाई धर्मेंद्र के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी धर्मेंद्र घटना के कुछ देर बाद से ही फरार है। बुधवार को एसपी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है।
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के मल्लूपुर गांव निवासी काजल (19) एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने ननिहाल डेल्हूपुर आई थी। यहां उसका चचेरा मौसेरा भाई रतासी गांव निवासी धर्मेंद्र भी आया था। मंगलवार को अपराह्न काजल और धर्मेंद्र कमरे में थे। अचानक गोली चलने की आवाज हुई। परिजन वहां पहुंचे तो काजल खून से लथपथ थी। धर्मेंद्र ने पेट फटने की बात कह परिजनों के साथ उसे अस्पताल पहुंचाया, मगर वहां से फरार हो गया। देर रात पुलिस ने पिता कुलदीप मौर्य की तहरीर पर धर्मेंद्र के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया। बुधवार को पोस्टमार्टम में भी छात्रा की मौत गोली लगने से स्पष्ट हुई। शाम को एसपी राजकरन नय्यर घटनास्थल पहुंचे। पीड़ित परिवार और ननिहाल के लोगों से पूछताछ की। उन्होंने थानाध्यक्ष को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए सीओ बदलापुर के निर्देशन में महराजगंज, बदलापुर और सर्विलांस प्रभारी के नेतृत्व में तीन टीमें लगाई गई है। शीघ्र की उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।