जौनपुर। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद भी शनिवार को जिले के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अफसरों ने फरियादियों की समस्या सुनी। कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तो अन्य मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की टीम गठित की गई। रामपुर थाने में जनता की फरियाद सुन रहे एएसपी ग्रामीण ने पुराने मामले का निस्तारण न होने पर पुलिस को फटकार लगाई। आलमगंज: रामपुर थाने में समाधान दिवस पर पहुंचे एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह उस वक्त तमतमा उठे जब उन्हें पता चला कि 15 दिन बाद भी पुलिस भीटे की जमीन से अतिक्रमण नहीं हटवा सकी। इसके लिए उन्होंने पुलिस को फटकार लगाई। एएसपी ग्रामीण थाने में जनता की फरियाद सुन रहे थे। उसी वक्त गंधौना गांव से आए कुछ ग्रामीणों ने शिकायत की कि 26 सितंबर को उनके प्रार्थना पत्र पर नायब तहसीलदार ने पुलिस और राजस्व विभाग की टीम गठित कर गांव के भीटे से अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया था। 15 दिन बीत गए लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इस पर एएसपी ने पुलिस को फटकार लगाते हुए तत्काल अतिक्रमण हटवाने का आदेश दिया।
शाहगंज: कोतवाली परिसर में एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां आए कुल 10 प्रार्थना पत्रों में से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान तहसीलदार अभिषेक राय, प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा, उपनिरीक्षक शितलू राम, आदि मौजूद रहे। सिंगरामऊ: थाना परिसर में आए सात प्रार्थना पत्रों में से पांच का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। यहां एसडीएम कौशलेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। चौकी प्रभारी विनोद कुमार मिश्र, कानूनगो अनिल तिवारी आदि मौजूद थे। मुंगराबादशाहपुर: पवांरा थाने में आयोजित समाधान दिवस पर एसडीएम अंजनी कुमार सिंह व सीओ विजय सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी। यहां आए तीन मामलों में से अफसरों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर एक मामले का निस्तारण कर दिया। जबकि दो मामलों को निस्तारण के लिए टीम गठित कर दी गई है। यहां एसडीएम ने कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर पीड़ितों की समस्या का समाधान करें और थाने में आने वाले फरियादियों से सही व्यवहार करें। निगोह: बरसठी थाने पर एसडीएम मड़ियाहूं की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस पर आयोजित हुआ। यहां आये कुल 6 प्रार्थना पत्रों में से दो का निस्तारण कर दिया गया। बाकी मामलों को लेखपालों के साथ टीम गठित कर निस्तारण का निर्देश दिया गया। एसडीएम संजय मिश्रा ने कानूनगो सहित सभी लेखपालों को निर्देशित किया की ज्यादा से ज्यादा भूमि विवाद को निपटाने का प्रयास करें ताकि गांव में विवाद कम हो सके ।