एक गांव की युवती को विशेष समुदाय के युवक पर बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया गया है। इससे नाराज हिंदू जागरण मंच व हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को थाने का घेराव किया।
युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि बेटी बीते बृहस्पतिवार को सुबह घर से बाजार के लिए निकली थी। शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजन तलाश में जुट गए। मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिलने पर एक युवक के घर बेटी के सिलसिले में पूछताछ करने पहुंची। आरोप है कि अभद्र व्यवहार करते हुए आरोपी के परिजनों ने उन्हें भगा दिया। सप्ताह भर बीत जाने के बाद भी युवती की बरामदगी व आरोपी युवक की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने हिंदू जागरण मंच के शिव नारायण व हिंदू युवा वाहिनी के अध्यक्ष अक्षत अग्रहरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि तीन दिन के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को बरामद नहीं किया गया तो सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि विजय सिंह विद्यार्थी, अनीता रावत, श्रीश मोदनवाल, अनिल अग्रहरि आदि मौजूद थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या का कहना है कि आरोपी युवक और लड़की के मुंबई में होने की जानकारी मिली है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम भेजने की तैयारी की जा रही है।