Jaunpur: नौकरी लगाने के नाम पर 14.70 लाख लेकर युवती को थमा दिया फर्जी नियुक्ति पत्र, अब पीट रही सिर
जौनपुर निवासी एक युवती से नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एचएएल में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर 14.70 लाख रुपये ले लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।
विस्तार
जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र निवासी युवती से जालसाजों ने नौकरी दिलाने के नाम पर 14 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। अभी पीड़िता की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है, जिससे पुलिस ऐसी घटना के प्रति अनभिज्ञता जता रही है।
गांव की छात्रा उच्च शिक्षा की तैयारी कर रही थी। उसके पिता बेटी को नौकरी दिलाने के प्रयास में लगे थे। इसी बीच उन्होंने कस्बे के एक व्यक्ति से बेटी की नौकरी को लेकर चर्चा की। जिसका फायदा उठाते हुए जालसाज ने एचएएल कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।
ऑफिस पहुंची तो पता चला फर्जीवाड़ा
उस युवक ने दूसरे गांव के युवक से मिलकर षड्यंत्र रचा और युवती के पिता से लखनऊ के दो अलग-अलग बैंक की शाखाओं में रुपये भेजने के लिए कहा। पीड़ित ने विभिन्न तिथियों में 14 लाख 70 हजार रुपये भेज दिए। बाद में जालसाजों ने एक फर्जी नियुक्ति पत्र पीड़ित के बताए पते पर भेज दिया। जालसाज ने कहा कि नियुक्ति पत्र लेकर वह लखनऊ आए नियुक्ति करा दी जाएगी।
युवती के पिता ने बेटी को लखनऊ भेजा। वह वहां इंतजार करती रही, लेकिन जालसाज नहीं पहुंचे। ऐसे में वह नियुक्ति पत्र लेकर स्वयं एचएएल कार्यालय पहुंच गई। जहां उसको बताया गया कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। थानाध्यक्ष युजवेंद्र कुमार सिंह ने ऐसी किसी घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई।