जिला पंचायत के गेस्ट हाउस मान्यवर कांशीराम परिसर में बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह और एमएलसी प्रिंसू ने संयुक्त रूप से जिला पंचायत की 542 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जनपद के इतिहास में पहली बार जिला पंचायत की 82 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास एक साथ किया गया है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ग अधिकांश ब्लॉकों में जहां पर बहुत जरूरी कार्य थे, उन्हीं योजनाओं का शिलान्यास किया गया। ये कार्य समाप्त होने के बाद दूसरे चरण में उन ब्लॉकों में विकास कार्य प्राथमिकता केे आधार पर कराए जाएंगे, जहां बहुत जरूरी होगा।
उन्होंने कहा कि जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह से गुणवत्तायुक्त कार्य कराने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद से जिला पंचायत सदस्यों ने उन्हें अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी तरह से खरा उतरने की कोशिश करेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी सदस्य के प्रस्ताव को नजरअंदाज नहीं किया जायेगा। कहा कि अभी पांच साल का कार्यकाल है। इस पांच साल की अवधि में जनपद के कोने-कोने में विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने जिला पंचायत सदस्यों से आग्रह किया कि वे भी अपने क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों पर नजर रखें। हर हाल में गुणवत्तायुक्त कार्य कराए जाएंगे। इस मौके पर अपर मुख्य अधिकारी जेपी मौर्य, अधिकांश जिला पंचायत सदस्य, अभियंता अखिलेश तथा अवर अभियंता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।