जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडी परिषद के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं, कृषि विभाग, विद्युत विभाग, उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी किसानों को दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के समस्त किसान अपनी किसान आईडी अनिवार्य रूप से बनवा लें। पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसान ही प्राप्त कर सकेंगे। गांवों में शिविर आयोजित कर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा रही है। उन्होंने अधिशासी अभियंता अभियंता लघु सिंचाई को निर्देशित किया कि किसानों को बोरिंग का लाभ दिलाया जाए। इस पर अधिशासी अभियंता ने किसानों को कहा कि वह किसी भी कार्य दिवस पर विकास भवन की तृतीय तल पर कार्यालय आकर या अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई के मोबाइल नंबर 8957492996 पर फोन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं उसे तत्काल निस्तारित करें। डिप्टी आरएमओ नृपंजय पाठक ने बताया कि किसान की सुविधा के लिए कुल 40 मोबाइल क्रय केंद्र भी बनाए गए हैं। जिस गांव में एक ट्रक लोड गेहूं मिलने की संभावना हो, वहां मोबाइल क्रय केंद्र के माध्यम से किसान के घर जाकर तौल कराई जाएगी। एक दिन पहले किसान कंट्रोल रूम के नंबर 05452350857 पर गेहूं तौल के लिए फोन कर सकते हैं। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिक डा. आरके सिंह डा. सुरेंद्र सोनकर, उप निदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. ओपी श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, डिप्टी पीडी आत्मा डा. रमेश चंद्र यादव आदि अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।