जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर पर्यटन स्थलों की फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश का हर क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विशिष्ट है। शाही पुल, ब्रज और कुंभ फोटो प्रदर्शनी में यूपी की आत्मा बनकर उभरा है। प्रदर्शनी में शाही पुल के विविध छायाचित्रों के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं, जीवन और सामाजिक संबंधों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं ब्रज की रंगों से सराबोर होली, दशाश्वमेध घाट, सारनाथ और प्रयागराज के कुंभ के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृश्य दर्शकों को भावविभोर करते नजर आए। उद्घाटन अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति समृद्ध और विविधतापूर्ण है। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। काशी, अयोध्या, मथुरा जैसे धार्मिक स्थल हों या आगरा, झांसी जैसी ऐतिहासिक धरोहर प्रदेश का हर क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विशिष्ट महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की फोटो प्रदर्शनियां विद्यार्थियों और युवाओं को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ पर्यटन के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह के संबंध में समन्वयक प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि यह फोटो प्रदर्शनी एक सप्ताह तक विद्यार्थियों के लिए लगाई जाएगी। फोटो प्रदर्शनी का संयोजन नोडल अधिकारी डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप कुलसचिव अजीत कुमार सिंह, प्रो. मुराद अली, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. श्याम कन्हैया सिंह, डॉ. मनोज पांडेय, डॉ. धीरेंद्र चौधरी, डॉ. प्रेमांशु सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।