विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल बज चुका है। शनिवार की शाम साढ़े तीन बजे से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई। जनपद की सभी नौ विधानसभा सीटों के लिए सातवें चरण में मतदान सात मार्च को होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी। चुनाव के लिए अधिसूचना 10 फरवरी को जारी की जाएगी। 17 फरवरी तक नामांकन करने का दौर चलेगा।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमों के मुताबिक, 18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 21 फरवरी को नाम वापसी मौका दिया जाएगा। सात मार्च को जिले के सभी नौ विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसके लिए 2144 मतदान केंद्र और वहां 3936 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जहां 34 लाख 80 हजार 744 वोटर मतदान में हिस्सा ले सकते हैं। इनमें 18 लाख 10 हजार 105 पुरुष और 16 लाख 70 हजार 525 महिला तथा 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार के चुनाव में 43 हजार 333 ऐसे मतदाता को अपना विधायक चुनने को मिलेगा, जिनकी उम्र 18 वर्ष है। इसके अलावा, 22 हजार दिव्यांग मतदाता हैं, जबकि 80 साल की उम्र सीमा पार करने वाले मतदाताओं की संख्या 46 हजार के आसपास है। दिव्यांग और 80 साल की उम्र सीमा पार कर चुके मतदाताओं को घर बैठे मतदान करने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन करवाना होगा। जिसका सत्यापन कराने के बाद उन्हें यह लाभ दिया जाएगा।