मछलीशहर। कहते हैं कि मौत अपना रास्ता बनाकर आती हैं। यह बात शुक्रवार को जमालपुर गांव में लोगों की बीच चर्चा में रही। इसी साल हाईस्कूल परीक्षा में शामिल हुए दो किशोर रितेश और सूरज की शुक्रवार को पानी भरे तालाब में डूबने से मौत हो गई। जबकि दोनों गेहू की मड़ाई का मेहनताना लेने घर से निकले थे। वहीं, दोनों की मौत से जमालपुर गांव में शोर छाया है और मृतकों की मां बेसुध हो गई हैं। वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी।
रितेश और सूरज दोनों के पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में परदेश गए हैं। घर पर दोनों की मां,बहन और भाई मौजूद हैं। रितेश गांव के बीएन मेमोरियल स्कूल से तो सूरज अपनी मौसी के घर रामगढ़ गाव स्थित कंचन बालिका विद्यालय में हाइस्कूल का छात्र था। इसी साल दोनों ने परीक्षा दी थी और अच्छे अंक से पास होने के सपने संजोए थे। स्कूल बंद होने के कारण घर पर सूरज आया है। दोनों इस समय गेहूं की मड़ाई के कार्य में ट्रैक्टर चालक के साथ लगकर कुछ पैसा कमाने में जुटे हुए थे। शुक्रवार को बकाया राशि लेने गए थे, लेकिनहोनी को कुछ और ही मंजूर था। दोनों के मन में स्नान करने की इच्छा ही उनकी अंतिम इच्छा बन गई। रितेश के घर भाई आयाश (6) मुस्कान (13) टुककु(8) तथा मां अनारा का रो-रो कर बुरा हाल है। उधर सूरज के घर भाई इंद्रजीत (9) बहन लक्ष्मी (20) तथा चंदा(15) और मां सन्तरा रोते रोते बेहोश हो कर पड़ी है। पूरे गांव में मातम छा गया है।