मुख्तार अंसारी के जौनपुर कनेक्शन की पड़ताल, एक हिरासत में, मऊ में गिरोह के तीन गुर्गों पर गैंगेस्टर
जौनपुर जिले की पुलिस ने मऊ के सदर विधायक मुख्तार अंसारी के जौनपुर कनेक्शन की पड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को सुबह इसी सिलसिले में पुलिस ने शहर के सिपाह मुहल्ला के एक मकान पर छापा मारकर एक युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस हिरासत में लेने की बात से इनकार कर रही है।
मुख्तार अंसारी के कुछ और करीबियों पर पुलिस की नजर है। इस सिलसिले में सुबह करीब नौ बजे सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह के साथ कोतवाली और लाइनबाजार थाने की पुलिस फोर्स ने सिपाह स्थित एक मकान पर छापा मारा। पुलिस को यहां से कुछ खास हाथ नहीं लगा। क्योंकि पुलिस के आने की भनक लगते ही ऐसे लोग भूमिगत हो गए, जिन्हें पुलिस महकमे में मुख्तार का करीबी माना जाता है।
पुलिस को खुफिया रिपोर्ट मिली है कि मुख्तार अंसारी का जौनपुर से कनेक्शन है। यहां के कुछ लोग मुख्तार अंसारी के लिए काम करते हैं। जेल जाने से पहले मुख्तार अंसारी कई बार जिले में आ चुके हैं। उनके जौनपुर आने पर जो लोग आवभगत में लगे रहते थे, पुलिस को उन्हीं लोगों की तलाश है। सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह ने स्वीकार किया कि मुख्तार अंसारी के जौनपुर कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है।
मुख्तार अंसारी गिरोह के तीन पर गैंगेस्टर
मऊ पुलिस ने मुख्तार अंसारी गिरोह के तीन मछली कारोबारियों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। एक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो पर 25 -25 हजार का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने गिरोह बनाकर आपराधिक और समाजविरोधी क्रियाकलापों के साथ अवैध तरीके से मछली का व्यवसाय करने वाले तीन व्यापारियों के विरुद्ध गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की गई है।
इसमें आंध्र प्रदेश के कृष्णा नगर के इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया। इनके अलावा गैंग लीडर इदारतगंज निवासी पारसनाथ सोनकर तथा खलीलाबाद निवासी छोटई सोनकर पर 25 -25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।