{"_id":"5c12a84642c7925d520c59c7","slug":"154472663715-jaunpur-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मनबढ़ों ने फौजी की पत्नी और बेटी को पीटा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
मनबढ़ों ने फौजी की पत्नी और बेटी को पीटा
Updated Fri, 14 Dec 2018 12:13 AM IST
विज्ञापन
बरसठी। क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की दोपहर मनबढ़ों ने महिला और उसकी बेटी की पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए मां-बेटी भागकर घर में पहुंची तो मनबढ़ वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि पिटाई के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए और उनके साथ छेड़छाड़ भी की। गुरुवार को शिकायत करने थाने पहुंची मां-बेटी को पुलिस ने डांटकर भगा दिया। पीड़ित महिला ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला का पति भारतीय जल सेना में तट रक्षक के पद पर तैनात है। घर में उनकी पत्नी और बेटी अकेली रहती हैं। महिला ने बताया कि उसने समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र देकर अपने खेत की सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने की अनुमति मांगी थी। मामले का निस्तारण करने के लिए लेखपाल से सीमांकन कराकर खेत को कटीले तार से घेरने की अनुमति दे दी गई। बुधवार को महिला अपनी बेटी के साथ खेत के चारों तरफ सीमेंट के खम्भे गाड़ रही थी। उसी समय पड़ोसी गांव के आठ से दस लोग पहुंचे और महिला व उसकी बेटी की पिटाई करने लगे। जान बचाने के लिए मां-बेटी भागकर घर पहुंची। आरोप है कि मनबढ़ों ने घर में घुसकर की उनकी पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान उनके साथ छेडख़ानी भी की गई। इसके अलावा खेत के चारों तरफ गाड़े गए सीमेंट का पोल क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले की शिकायत करने मां-बेटी थाने पहुंची तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। पीड़ित महिला ने एसपी से गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। पता कराकर जांच कराई जाएगी।
विज्ञापन