यूपी: पुत्र मोह में फंसकर देश को बर्बाद कर रहीं सोनिया गांधी- सिराज मेंहदी
यूपी कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष व पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सत्तर साल देश पर राज किया, लेकिन आज कांग्रेस जमीन पर कहीं नहीं दिख रही। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पुत्र मोह में फंसी हैं, जिसके कारण राहुल और प्रियंका कांग्रेस को बर्बाद करने में लगे हैं। ऐसे में देश के सामने बड़ा संकट खड़ा है, इस संकट से देश को जनता ही निकाल सकती है।
मंगलवार को शिया कॉलेज में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार जल्दबाजी में चुनाव को देखते हुए उद्घाटन और लोकार्पण कर रही है। इसका उदाहरण अधूरा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, जौनपुर का मेडिकल कॉलेज है।
सिराज मेंहदी ने कहा कि अगर इस सरकार ने काम किया था तो उद्घाटन और लोकार्पण साढ़े चार सालों में क्यों नहीं हुए। इस वक्त जब चुनाव सिर पर आ गया है तो उद्घाटन-लोकार्पण किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग तक तैयार नहीं है और न ही कोई स्टाफ, तो फिर ऐसा उद्घाटन करने का क्या मकसद है।
उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने साढ़े चार सालों में बहुत मेहनत की। प्रदेश के सभी जिलों का कई बार दौरा किया लेकिन किस वजह से भाजपा सरकार के घोषणा पत्र का आधा काम भी पूरा नहीं हुआ। इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर मुख्यमंत्री को कार्रवाई करनी चाहिए।
सिराज मेहदी ने चुनाव आयोग से मांग की कि पांच प्रदेशों में विधानसभा चुनाव होंने हैं। ऐसे में आयोग निष्पक्ष चुनाव कराए ताकि अच्छी सरकार बने। लड़कियों की शादी की आयु बढ़ाने के फैसले का उन्होंने स्वागत करते हुए कहा कि इस मामले में कोई बुराई नहीं है, इसका सभी को स्वागत करना चाहिए।