शाहगंज। सरपतहां क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी पर शुक्रवार देर रात में उत्पात मचाने वाले एक कबाड़ी और पेशे से एक शिक्षक को पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोप है कि दोनों नशे में धुत होकर चौकी पर तैनात आरक्षियों से उलझ गए और गाली गलौज के साथ-साथ जान से मारने की धमकी देने लगे।
खानपुर चौरवा निवासी सतीश गुप्ता कबाड़ का व्यवसाय करता है। कुछ दिनों पहले पुलिस ने उसके दुकान पर छापा मारकर दो संदिग्ध बाइकें बरामद की थीं। जिसमें से एक बाइक के कागजात आदि उपलब्ध कराने के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया, लेकिन जब दूसरी बाइक का कोई कागजात नहीं मिला तो पुलिस ने उसे सीज कर दिया। बावजूद इसके दोनों बाइकों को छुड़ाने का भरसक प्रयास आरोपित करते रहे। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। आरोप है कि इसी बात को लेकर रात शराब के नशे में सतीश व उसके पेशे से शिक्षक चाचा झगड़ू राम गुप्ता डंडा आदि लेकर चौकी पर पहुंचे और वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों और आरक्षियों को गाली-गलौज देते हुए देख लेने की धमकी देने लगे। यह जानकारी जब चौकी प्रभारी रामदवर यादव और थाना प्रभारी संजय सिंह को हुई तो उन्होंने तत्काल दोनों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर चालान भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सरपतहां संजय सिंह ने बताया कि कबाड़ी का व्यवहार तो अपनी जगह था, लेकिन पेशे से शिक्षक झगड़ू राम का व्यवहार बिल्कुल भी ठीक नहीं लगा। आरक्षियों की शिकायत पर कार्रवाई की गई है।