Jaunpur News: बुलेट सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
Jaunpur News: जौनपुर जिले में एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उधर, जानकारी मिलते ही पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने लगी।
विस्तार
क्या है पूरा मामला
उमरवार गांव निवासी सिपाही लाल यादव के बेटा विशाल यादव (20) अपने दोस्तों के साथ महुली गांव के नारे में क्रिकेट मैच खेलने जा रहा था। वह अरका-रतनूपुर मार्ग स्थित एक परचून की दुकान पर सामान लेने पहुंचा। इसी दौरान अरका गांव की ओर से सफेद रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने पहले विशाल से गाली-गलौज की और फिर पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली विशाल के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बुलेट बाइक से रतनूपुर की ओर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें; नए साल में बच के: बधाई के चक्कर में कहीं खाली न हो जाए बैंक अकाउंट, बचने के लिए बरतें ये सावधानी
परिजनों ने बताया कि विशाल गुजरात में प्लंबर का काम करता है। करीब चार महीने पहले ही गांव आया। उसके पिता सिपाही लाल यादव मुंबई की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। विशाल दो भाइयों में बड़ा है, जबकि उसका छोटा भाई कक्षा आठवीं में पढ़ता है। घटना की सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल युवक के परिजन इस समय वाराणसी ट्रामा सेंटर में युवक का इलाज करवा रहे है। उनसे बात हुई है, वह बाद में तहरीर देंगे। घायल युवक के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।