UP: पांच साल के बच्चे पर तानी कुल्हाड़ी, बचाने आए युवक को किया लहुलूहान; घर में घुसा विक्षिप्त चढ़ा हत्थे
घर में घुसकर बच्चे के ऊपर कुल्हाड़ी से वार करने की सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। इससे पहले घर के लोगों ने उसे पकड़ लिया था। हाथापाई में एक युवक कुल्हाड़ी के वार से घायल हो गया, जिसका उपचार कराया गया।
विस्तार
Jaunpur Crime: मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में मंगलवार की रात मानसिक रूप से बीमार एक युवक घर में घुसकर पांच साल के बच्चे पर कुल्हाड़ी तान दी। शोर मचाने पर गांव के युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चे की जान बचाई। घटना में युवक घायल हो गया।
रामनगर गांव में मंगलवार की रात 10 बजे मानसिक रूप से बीमार चंदौकी गांव निवासी एक व्यक्ति घूम रहा था। उसने हाथ में कुल्हाड़ी ली थी। वह शिव प्रसाद गौड़ के घर में घुस गया और सीढ़ी से छत पर पहुंच गया। वहां शिव प्रसाद का पुत्र रीशू गौड़ (5) सो रहा था। उसने रीशू के ऊपर कुल्हाड़ी तान दी। इसी बीच घर के सदस्य जग गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
शोर सुनकर गांव के ही संतोष उर्फ गुड्डन सिंह धड़धड़ाते हुए छत पर चढ़ गए। गुड्डन सिंह के पहुंचते ही वह कुल्हाड़ी से प्रहार करने लगा। कुल्हाड़ी के प्रहार से गुड्डन के हाथ में चोट आई। वह किसी तरह व्यक्ति को काबू करने में कामयाब हो गया। थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की तहकीकात की। किसी ने आरोपी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।
प्रभु श्रीराम पर टिप्पणी करने वाले तीन गिरफ्तार
पुलिस ने बुधवार की दोपहर में बीबीबारी के पास से प्रभु श्रीराम के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार जाफर शाह, गुलफाम व अकीम जावेद निवासी बीरीबारी ने सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम के लिए अपशब्द कहे गए थे। इस पर भाजपा व हिंदू संगठनों ने विरोध करते हुए मंगलवार को कार्रवाई के लिए तहरीर दी।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। सूचना पर पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को बुधवार की दोपहर बीरीबारी के पास से गिरफ्तार कर लिया।विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।